उत्तर प्रदेश में विश्व युवा कौशल दिवस पर आज लखनऊ में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य भर में कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों आईटीआई, प्रशिक्षण केंद्रों और प्रशिक्षुओं द्वारा विकसित नवीन तकनीकों, कौशल-आधारित उत्पादों और परियोजनाओं को प्रदर्शित करने वाली एक कौशल विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दो डिजिटल शासन प्लेटफार्मों-कौशल सारथी और कौशल सेतु का शुभारंभ होगा। कौशल सारथी राज्य के सभी प्रशिक्षण केंद्रों की वर्षवार ऑनलाइन जानकारी प्रदान करेगा, जबकि कौशल सेतु प्रशिक्षण प्रदाताओं के लिए सूचीबद्धता प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और डिजिटल बनाएगा, जिससे यह अधिक पारदर्शी और कुशल बनेगी। उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने और कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में सुधार करने के लिए प्रमुख उद्योगों के साथ कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है।