मई 26, 2026 7:42 अपराह्न | Mansukh Mandaviya

printer

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने योगासन को ओलंपिक खेलों में शामिल कराने के प्रयासों की बात कही

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के भारत के दावे को ध्यान में रखते हुए योगासन को भविष्य के ओलंपिक खेलों की सूची में शामिल करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। डॉ० मांडविया ने आज नई दिल्ली में कहा कि अहमदाबाद में चार से आठ जून तक पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। यह देश की पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धति को वैश्विक खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्‍होंने कहा कि योगासन देश की सॉफ्टपावर को दर्शाता है और विश्व भर में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने का एक माध्यम बनकर उभरा है।

 डॉ० मांडविया ने कहा कि योग की उत्पत्ति हजारों वर्ष पूर्व भारत में हुई थी और अब इसे विश्व स्तर पर स्‍वीकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप में करीब 75 देशों के पांच सौ से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है।

इस दौरान उन्‍होंने प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 के आधिकारिक शुभंकर, जर्सी और चैंपियनशिप फिल्म का भी अनावरण किया।