नवम्बर 16, 2026 11:23 पूर्वाह्न

printer

यमन के हूती बलों का दावा, सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर दागीं दो बैलिस्टिक मिसाइलें

यमन के हूती सशस्त्र बलों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और एक वित्तीय केंद्र को निशाना बनाकर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का दावा किया है। सोशल मीडिया बयान में हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने दावा किया कि मिसाइलों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। सऊदी अरब ने इन दावों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
 
हूती विद्रोहियों ने यमन के लहज प्रांत में कावा शिविर और आसपास के इलाकों में सऊदी सैनिकों की तैनाती को निशाना बनाकर छह बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का भी दावा किया है। याह्या सरी ने आरोप लगाया कि इन हमलों में सऊदी अधिकारी बद्र अल-हरबी के नेतृत्व वाली सेनाओं को निशाना बनाया गया। इन हमलों में कई लोग हताहत और कई वाहन नष्ट हो गए। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
 
सरी ने यह भी आरोप लगाया कि सऊदी लड़ाकू विमानों ने पिछले 24 घंटों के दौरान सादा, ताइज़, लहज, अल-जौफ और मारिब प्रांतों में 75 हवाई और मिसाइल हमले किए। इनमें आम नागरिक भी हताहत हुए। इन हमलों में खमीस मुशैत और ताइफ के हवाई अड्डों से एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया और नजरान से मिसाइलें दागी गईं।
 
हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि तनाव बढ़ने के बाद से सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई और मिसाइल हमलों की कुल संख्या पांच हजार 95 हो गई है। सरी ने मक्का और मदीना के ऊपर ड्रोन मार गिराए जाने सम्‍बंधी सऊदी दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि हूती अभियान केवल सऊदी तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं।