मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना दबाव उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए गहरे दबाव में बदल गया है। विभाग के अनुसार, यह दबाव आज दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्सों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके कल पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
विभाग ने मछुआरों को कल तक अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों तथा अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान व्यक्त किया है। वहीं, आज उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह सात बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 216 दर्ज किया गया।