प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इन सम्मेलनों की मेजबानी फिलीपींस 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के रूप में कल करेगा।
भारत और आसियान के बीच संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर भारत के दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
21यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। वहीं, वर्ष 2027 में दोनों पक्षों के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें आसियान-भारत कार्ययोजना 2026-2030 के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी। साथ ही, भविष्य में सहयोग की दिशा तय की जाएगी।
वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आसियान और अन्य सहभागी देशों के नेताओं के साथ क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा।