आकाशवाणी आज 30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विशेष संगीत कार्यक्रमों की राष्ट्रव्यापी श्रृंखला ‘आकाशवाणी राइजिंग स्टार्स’ के पहले संस्करण का शुभारंभ करेगा।
इस संगीत श्रृंखला के पहले संस्करण के तहत आज से इस महीने की 30 तारीख तक देशभर के 26 केंद्रों पर संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवा और उभरते हुए संगीत कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा व्यापक दर्शकों से जुड़ने के लिए एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
यह पहल आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों का हिस्सा है। इसके माध्यम से आकाशवाणी की संगीत प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाया जाएगा।
‘आकाशवाणी राइजिंग स्टार्स’ का उद्देश्य नई पीढ़ी के कलाकारों को मंच प्रदान कर आकाशवाणी की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना है। इस श्रृंखला के तहत शिमला, देहरादून, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, जयपुर, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, इम्फाल, मुंबई, अहमदाबाद, नागपुर, पुडुचेरी, जम्मू और गुवाहाटी सहित आकाशवाणी के 26 केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने और डिजिटल माध्यमों पर उनकी पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से तीन सर्वाधिक लोकप्रिय कलाकारों को नकद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए अगले वर्ष 15 जनवरी तक यूट्यूब पर उनके कार्यक्रमों को मिलने वाले व्यूज के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
यह पहल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीत विरासत को बढ़ावा देने तथा उभरती हुई संगीत प्रतिभाओं को निखारने में आकाशवाणी की दशकों पुरानी भूमिका को और सशक्त बनाएगी।