नवम्बर 16, 2026 11:01 पूर्वाह्न

printer

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ आज से चार दिवसीय चेक गणराज्य दौरे पर

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ आज से चेक गणराज्य की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान जनरल सेठ चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

प्राग स्थित जनरल स्टाफ मुख्यालय में उनकी मुलाकात चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख और उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का से होगी। इस दौरान वे शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही, रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन बैठकों में सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण, सैन्य आधुनिकीकरण और उभरती सुरक्षा चुनौतियों सहित आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

यात्रा के कार्यक्रम के तहत जनरल सेठ ब्रनो स्थित डिफेंस यूनिवर्सिटी और नाटो के ज्वाइंट केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एंड न्यूक्लियर डिफेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भी दौरा करेंगे। इन दौरों के दौरान वे चेक सशस्त्र बलों के विशेष प्रशिक्षण, परिचालन क्षमताओं और भविष्य की तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।

इसके अलावा, वे अंतर-सरकारी रक्षा सहयोग एजेंसी डिफेंस एंड सिक्योरिटी इंडस्ट्री एसोसिएशन और प्रमुख रक्षा विनिर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से रक्षा प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य भारत और चेक गणराज्य के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी संपर्क बढ़ाना और रक्षा प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशना है।