नवम्बर 16, 2026 12:10 अपराह्न

printer

यमन के सरकारी बलों ने बाब अल-मंदाब जलडमरूमध्य के आसपास के इलाके से हटने की घोषणा की

सऊदी अरब समर्थित यमन के सरकारी बलों ने दक्षिणी लाल सागर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ‘बाब अल-मंदाब जलडमरूमध्य’ के आसपास के इलाके से पीछे हटने की घोषणा की है। इसके साथ ही, जहाजों के आवागमन का यह महत्‍वपूर्ण रास्ता अब ईरान समर्थित ‘हूति’ विद्रोहियों के नियंत्रण में आ गया है।

यमन की सेना ने बताया कि अग्रिम मोर्चों को मजबूत करने और अंतरिम राजधानी ‘अदन’ की सुरक्षा के लिए, धूबब हवाई अड्डे और बाब अल-मंदाब इलाके से सैनिकों को अन्‍य जगहों पर तैनात किया जा रहा है।

इस वापसी के साथ ही, उस इलाके पर दोबारा नियंत्रण पाने के लिए कई हफ्तों से चल रहा सैन्य अभियान खत्म हो गया है। सितंबर में हूतियों ने इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया था, जिसमें लाल सागर के दक्षिणी प्रवेश द्वार पर स्थित ‘पेरिम द्वीप’ और रणनीतिक बंदरगाह शहर ‘मोखा’ शामिल थे।

हूति-समर्थित मीडिया ने रविवार को खबर दी कि इस इलाके पर अब उनका नियंत्रण हो गया है। सऊदी अरब ने अभी तक इस खबर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

इस घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। बाब अल-मंदेब, लाल सागर को अदन की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है, जो इसे दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। इस जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाज स्वेज नहर तक पहुंच सकते हैं, जो लाल सागर को भूमध्य सागर से जोड़ती है।