विदेश मंत्रालय ने 2017 में जारी उस अधिसूचना को वापस ले लिया है जिसमें यमन की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों पर कुछ शर्तें लगाई गई थीं। यह अधिसूचना यमन में गृहयुद्ध और सशस्त्र संघर्ष के कारण बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए जारी की गई थी, जिसके चलते भारत ने अपने नागरिकों की यमन यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। परंतु, एक परामर्श में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह सभी भारतीय नागरिकों को यमन की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह देता है। मंत्रालय ने कहा कि यदि यात्रा बेहद जरूरी है, तो इसे स्थानीय सुरक्षा स्थिति का पूरी तरह से आकलन करने के बाद ही किया जाना चाहिए और उन क्षेत्रों की यात्रा से बचना चाहिए जहां संघर्ष सक्रिय हो। मंत्रालय ने यमन में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और यमन के भीतर ही अपनी आवाजाही सीमित रखने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने यमन में मौजूद भारतीय नागरिकों और यमन की यात्रा करने की आवश्यकता वाले लोगों को रियाद स्थित भारतीय दूतावास में पंजीकरण कराने की भी सलाह दी है ताकि आपात स्थिति में बेहतर संचार और सहायता मिल सके।
News On AIR | जुलाई 12, 2026 12:01 अपराह्न
विदेश मंत्रालय ने यमन की यात्रा को लेकर 2017 की अधिसूचना वापस ली