इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस के झंडे वाले जहाज पर हमले के बाद, अमरीका ने ईरान पर नए हमले शुरू कर दिए हैं। अमरीकी सेना ने कहा है कि ये हमले राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के निर्देश पर किए गए। अमरीका ने बताया है कि व्यापारिक जहाज पर हुए हमले में चालक दल का एक नागरिक सदस्य लापता है और जहाज पर आग लगने से काफी नुकसान हुआ है।
इस बीच, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अगली सूचना तक बंद कर दिया है। ईरान की नौसेना ने कहा है कि एक जहाज़ के अनधिकृत रास्ते का इस्तेमाल करने की कोशिश के बाद यह समुद्री रास्ता बंद किया गया है। नौसेना ने कहा कि इस इलाके में अमरीका का दखल खत्म होने तक किसी भी जहाज़ को इस रास्ते से निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नौसेना ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की इस घटना को लेकर अमरीका की किसी भी कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
अमरीका, ईरान से सार्वजनिक रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले जहाज़ों पर हमला नहीं करने का आश्वासन चाहता है। अमरीका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि ईरान में आंतरिक सत्ता संघर्ष के कारण किसी समझौते पर पहुंचना मुश्किल हो गया है।
इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि तनाव के बावजूद ईरान के साथ बातचीत जारी रहेगी।
ईरान ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य उसके नियंत्रण में ही रहेगा और इस मार्ग से गुज़रने वाले जहाज़ों को शुल्क देना होगा। ईरान ने जलडमरूमध्य पर पूरे अधिकार का दावा किया है।
इस बीच, ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाज़ों की आवाजाही के लिए दो अलग-अलग रास्तों का प्रस्ताव दिया है, लेकिन ईरान ने इस तरह के प्रस्ताव को पहले ही खारिज कर दिया था।