सितम्बर 22, 2026 9:00 अपराह्न

printer

विश्व गैंडा दिवस: प्रधानमंत्री मोदी ने एक सींग वाले गैंडों के संरक्षण में जुटे लोगों की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व गैंडा दिवस पर भारत के एक सींग वाले गैंडे का उल्लेख करते हुए, इनके संरक्षण में जुटे सभी लोगों की सराहना की है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दुनिया की करीब 80 प्रतिशत गैंडे की आबादी अब असम में है। उन्होंने काजीरंगा में गैंडे के शिकार पर रोक लगाने के प्रयासों की सराहना की।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गैंडे या तो वापस लौटे हैं या अच्छी तरह संरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के दुधवा में गैंडे को फिर से बसाने की सफलता इतिहास बना रही है। 
 
प्रधानमंत्री ने बताया कि गैंडे के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास के प्रबंधन, आनुवंशिक सुधार और आबादी से जुड़े आंकड़ों को समझने के लिए संबंधित राज्यों को वित्तीय और तकनीकी सहायता देने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट राइनो शुरू किया गया है।