आज विश्व अल्जाइमर दिवस है। यह रोग आमतौर पर बढ़ती उम्र से जुड़ा माना जाता है, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके पीछे होने वाले बदलाव शरीर और दिमाग में इसके लक्षण दिखाई देने से काफी पहले शुरू हो सकते हैं। अब एक नई शोध से मालूम चला है कि रक्त परीक्षण के जरिए अल्जाइमर से जुड़े शुरुआती बदलावों को प्रौढ अवस्था में ही पहचाना जा सकता है। यह शोध द लैंसेट में प्रकाशित हुआ है।
इस अध्ययन में मिडिल एज के लोगों के खून में अल्जाइमर से जुड़े कुछ खास बायोमार्कर्स की जांच की गई। इनमें फॉस्फोराइलेटेड टाऊ और अमाइलॉइड-बीटा जैसे प्रोटीन शामिल हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि कुछ लोगों में अल्जाइमर से जुड़े शुरुआती बदलाव पहले से मौजूद थे। ऐसे लोगों ने याददाश्त और सोचने-समझने से जुड़े कुछ परीक्षणों में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन किया। अध्ययन में यह भी देखा गया कि उम्र, बीएमआई, किडनी की कार्यक्षमता और एपीओई जीन जैसे कारकों को ध्यान में रखने के बाद भी यह संबंध बना रहा। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल सामान्य ब्लड टेस्ट से अल्जाइमर की निश्चित भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। इसके लिए अभी और शोध की जरूरत है। फिर भी, अध्ययन से उम्मीद जगी है कि भविष्य में आसान और कम खर्चीले ब्लड टेस्ट के जरिए अल्जाइमर के शुरुआती संकेतों का पता लगाया जा सकता है।