लद्दाख में शनिवार को करगिल जिले में सांकू सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले संग्रह गांव में अचानक आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। इस बाढ़ के कारण करगिल-ज़ांस्कर राष्ट्रीय राजमार्ग-301 बंद हो गया है। आरंभिक खबरों के अनुसार बाढ़ के कारण किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। हालांकि निजी संपत्ति को नुकसान होने और मवेशियों के मरने की खबर है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-डीडीएमए करगिल ने जन परामर्श जारी करते हुए कहा है कि अचानक आई बाढ़ के कारण लालूंग थासगम पर बार्सू लिंक रोड बाधित हो जाने के कारण सडकें यात्रा के लिए असुरक्षित हो गई हैं। पुनर्बहाल कार्य जारी है, लेकिन सड़कों का दोबारा शुरू होना मौसम की स्थिति और सुरक्षा मूल्यांकन पर निर्भर करेगा।
प्रशासन ने यात्रियों, निवासियों और पर्यटकों को सड़क खुलने की आधिकारिक घोषणा होने तक प्रभावित मार्गों पर यात्रा को टालने की सलाह दी है। लोगों को उफनती नदियों को पार नहीं करने, क्षतिग्रस्त पुलों और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों से बचने तथा आधिकारिक चैनल के जरिए जिला प्रशासन, पुलिस और डीडीएमए द्वारा जारी अपडेट का पालन करने का आग्रह किया गया है।
आपतकालीन प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं। संबंधित विभागों के समन्वय से पुनर्बहाली कार्य जारी है। आपातकालीन सहायता के लिए जिला आपातकालीन ऑपरेशन केन्द्र करगिल से फोन नंबर 80 82 74 32 20 या 01985-259052 से संपर्क किया जा सकता है।