पश्चिम बंगाल विधानसभा की 142 सीटों के लिए दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव प्रचार ज़ोरों पर है। इस चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पानीहाटी में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में रैली को संबोधित किया। आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की दिवंगत युवा पीजीटी डॉक्टर की मा भाजपा के टिकट पर इसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण में भारी मतदान से जनता की बदलाव की इच्छा झलकती है। उन्होंने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल के “जंगल राज” ने एक युवा महिला डॉक्टर की जान ले ली। उन्होंने संदेशखाली में महिलाओं के खिलाफ कथित अत्याचारों का मुद्दा भी उठाया।
श्री मोदी ने घोषणा की 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद राज्य भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज, महिलाओं के अपमान, घुसपैठ और बेरोजगारी से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने भाजपा के वादों को दोहराया, जिनमें पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना का कार्यान्वयन और अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत महिलाओं को तीन हजार रुपये का मासिक भत्ता शामिल है।
प्रधानमंत्री का दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक और रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भाबानीपुर में प्रचार करेंगी, जबकि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी आज हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में कई स्थानों पर चुनावी सभाएं और रोड शो करेंगे।