मई 3, 2026 8:46 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल: निर्वाचन आयोग ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पूरी मतदान प्रक्रिया रद्द की

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पूरी मतदान प्रक्रिया रद्द करने का असाधारण कदम उठाया है। इस विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को नए सिरे से वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती 24 मई को की जाएगी।
 
आयोग ने बताया है कि यह निर्णय 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन की ख़बरों के बाद लिया गया है।
 
पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से छेड़छाड़, मतदाताओं को डराना-धमकाना और मतदान नियमों का उल्लंघन जैसी गंभीर अनियमितताओं का उल्‍लेख किया गया है।
 
कई केन्‍द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के बटन को जानबूझकर काले टेप से ढक दिया गया था जिससे मतदान में बाधा आई। अनधिकृत लोगों को भी मतदान केंद्रों में प्रवेश करते और दूसरों की ओर से वोट डालते हुए पाया गया।