पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का प्रचार तेज होता जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज उत्तरी बंगाल में कई जनसभाएं करेंगे। वे दार्जिलिंग शहर के लेबोंग मैदान में एक रैली में शामिल होंगे, जिसके बाद वे जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज में एक सभा करेंगे। दोपहर बाद अमित शाह अलीपुरद्वार के फलाकाटा मिल रोड मैदान में एक रैली में शामिल होंगे। वे कूचबिहार में भी एक जनसभा में भी भाग लेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी आज राज्य में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी के आज कई चुनावी कार्यक्रम निर्धारित हैं। वे दोपहर करीब सवा एक बजे उत्तरी दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके अलावा, वे सिलीगुड़ी और चालसा में लगातार दो रोड शो में भी भाग लेंगी।