भारत में कई हत्याओं और संगठित अपराधों का वांछित गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और एक अन्य फरार अपराधी नीरज फरीदपुरिया को अमरीका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है। हरियाणा विशेष कार्य बल-एसटीएफ से मिली जानकारी के आधार पर दोनों को 22 अक्टूबर को लास वेगास में गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में अमरीकी आव्रजन प्रवर्तन एजेंसी-आईसीई ने मदद की। हरियाणा एसटीएफ, दोनों को भारत वापस लाने के लिए अमरीकी अधिकारियों और एजेंसियों के संपर्क में है।
हिमांशु भाऊ का असली नाम हिमांशु रिटोलिया है। वह हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। वह जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का प्रतिद्वंद्वी है और हरियाणा तथा दिल्ली पुलिस की वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था। उसके और उसके सहयोगियों के खिलाफ हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, अपहरण और जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज हैं। अगस्त 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल का नोटिस भी जारी किया गया था।
हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला नीरज फरीदपुरिया भी गिरफ्तारी के समय अमरीका में रह रहा था। उसके खिलाफ 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।