अक्टूबर 18, 2026 12:58 अपराह्न

printer

इटली के मिलान शहर के मध्यवर्ती क्षेत्र में कल प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प

इटली के मिलान शहर के मध्यवर्ती क्षेत्र में कल प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुईं। इस दौरान उपद्रवियों ने दुकानों में लूटपाट की और संपत्ति में आग लगा दी। हिंसा के कारण अधिकारियों को पियाज़ा डेल डुओमो और एक आलीशान शॉपिंग आर्केड को खाली कराना पड़ा। इन स्थानों पर आमतौर पर बड़ी संख्या में खरीदार मौजूद रहते हैं।

युद्ध और बढ़ती महंगाई के विरोध में आयोजित यह मार्च शुरुआत में शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में हिंसक हो गया। नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने दंगा नियंत्रण पुलिस पर पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकीं।। उन्होंने बार और रेस्तरां से उठाई गई मेजों से बनाए गए बैरीकेडों में भी आग लगा दी। घटनास्थल की तस्वीरों में काराबिनिएरी पुलिस का एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया।

भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस के गोले छोड़े। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस घटना में कम से कम दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और नाबालिगों सहित लगभग 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से हिंसा की निंदा की। इसी दौरान, पड़ोसी देश फ्रांस में भी बढ़ती महंगाई के विरोध और हाई स्कूल के विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में देशव्यापी प्रदर्शन हुए।