सितम्बर 20, 2026 2:12 अपराह्न

printer

मंगलवार को नई दिल्ली में 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 का उद्घाटन करेंगे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मंगलवार को नई दिल्ली में 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 का उद्घाटन करेंगे। पांच दिन के इस आयोजन का विषय है- जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन।

जल शक्ति मंत्रालय ने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में नीदरलैंड और जर्मनी साझेदार देश के रूप में शामिल होंगे। 14 राज्य साझेदार राज्यों के रूप में भाग लेंगे, जबकि छह केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों को भी साझेदार के रूप में आमंत्रित किया गया है।

22 से 25 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें टिकाऊ और जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन से जुड़ी नवीन तकनीकों, उत्पादों और समाधानों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसी दौरान 22 से 24 सितंबर तक दूसरा अंतर्राष्ट्रीय वॉश सम्मेलन भी होगा। इसमें पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता ढांचे, स्वच्छता व्यवहार और जन स्वास्थ्य पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में सुलभ, किफायती और टिकाऊ समाधानों पर विशेष ध्‍यान दिया जाएगा।

आयोजन के दौरान जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए सहयोग, जल सुरक्षा में तकनीक और समुदाय की भूमिका, जलवायु संबंधी जोखिम, जल ढांचे के लिए नए वित्तीय मॉडल तथा जल संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।