अगस्त 20, 2026 4:44 अपराह्न

printer

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मसूरी में आईएएस प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशिक्षण समापन समारोह को संबोधित किया

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में 2024 बैच के आईएएस प्रशिक्षु अधिकारियों के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण समापन समारोह को संबोधित किया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि सिविल सेवाओं ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और जमीनी स्तर पर नीतियों को लागू करने में अहम भूमिका निभाई है। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि सच्चा नेतृत्व शक्ति या पद से नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी नैतिक रूप से कार्य करने की क्षमता से मापा जाता है।

उपराष्ट्रपति ने युवा प्रशासनिक अधिकारियों से लोक सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने उनसे आलोचनाओं से विचलित न होने, बल्कि अपने कार्य और निर्णयों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अधिकारी प्रशिक्षुओं को उनके व्यावसायिक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी और राष्ट्र सेवा के लिए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उनके प्रशिक्षण का एक अध्याय समाप्त हो गया है, लेकिन अब राष्ट्र सेवा की वास्तविक यात्रा शुरू हो रही है।