अमरीका, दक्षिण कोरिया और जापान ने आज दक्षिण कोरिया के जेजू द्वीप के पूर्व और दक्षिण में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पांच दिवसीय संयुक्त सैन्य अभ्यास फ्रीडम एज शुरू किया। यह अभ्यास निर्धारित समय पर हो रहा है, जबकि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के आदेश पर हाल ही में सियोल-वाशिंगटन के महत्वपूर्ण अभ्यासों को सीमित कर दिया गया था।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि वार्षिक रक्षात्मक अभ्यास का उद्देश्य समुद्री, हवाई और साइबर क्षेत्रों में तीनों देशों की परिचालन और संयुक्त प्रतिक्रिया क्षमताओं को मजबूत करना है। इन अभ्यासों का लक्ष्य उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल खतरों का मुकाबला करना और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखना है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के आदेश के बाद अमरीका-दक्षिण कोरिया के ‘उलची फ्रीडम शील्ड’ अभ्यास को सीमित किए जाने के बावजूद फ्रीडम एज का चौथा संस्करण निर्धारित समय पर आयोजित किया जा रहा है।
त्रिपक्षीय अभ्यास में छह एजिस-सुसज्जित विध्वंसक पोत, समुद्री गश्ती विमान, लड़ाकू विमान और अन्य हवाई संपत्तियां शामिल होंगी। अमरीका, दक्षिण कोरिया और जापान उन्नत रीयल-टाइम डेटा साझाकरण, हवाई रक्षा और समुद्री अवरोधन अभ्यास भी करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, ईरान के खिलाफ जारी अमरीकी संघर्ष को देखते हुए, इस सप्ताह के फ्रीडम एज अभ्यास में किसी भी अमरीकी विमानवाहक पोत के भाग लेने की उम्मीद नहीं है।