झारखंड के खूंटी जिले में कल देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की घायल हो गई। हादसा कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ महिलाएं और बच्चे झाड़ियों में गिरे एक स्कूटर सवार की मदद कर रहे थे, तभी ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। घायल लड़की का खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद चालक और हेल्पर फरार हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने आज सुबह सड़क जाम कर मुआवजे, चालक की गिरफ्तारी और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने लिखित आश्वासन मिलने तक जाम जारी रखने की बात कही है।