अक्टूबर 20, 2026 10:14 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमरीकी विदेश मंत्री और UAE के उप प्रधानमंत्री के साथ त्रिपक्षीय बैठक की

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ त्रिपक्षीय बैठक की। विदेश मंत्री जयशंकर ने दोनों नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बातचीत भी की।सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि इस दौरान ऊर्जा, कनेक्टिविटी और मौजूदा घटनाक्रमों पर विचार विमर्श हुआ।
 
डॉ. जयशंकर ने मार्को रुबियो से भी बातचीत की। दोनों विदेश मंत्रियों ने व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और लोगों के बीच संबंधों पर ध्यान केंद्रित करते हुए भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट सहित क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।
 
इससे पहले डॉ. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस अवसर पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और क्षेत्रीय कठिनाईयों के बावजूद भारत-संयुक्त अरब अमीरात की आर्थिक साझेदारी नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते के बाद द्विपक्षीय व्यापार सौ अरब अमरीकी डॉलर को पार कर गया है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच निवेश में लगातार वृद्धि हो रही है साथ ही रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग रणनीतिक स्वरूप ले रहा है।