नवम्बर 11, 2026 9:11 पूर्वाह्न

printer

ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ने से बड़े सैन्य अभियान की फिलहाल जरूरत नहीं : अमरीकी विदेश मंत्री

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि ईरान पर आर्थिक दबाव इतना बढ़ गया है कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प को फिलहाल बड़े सैन्य अभियान की आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान तनाव बढ़ाता है, तो अमरीका सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार है।

जी-7 की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में रूबियो ने कहा कि समुद्री नाकेबंदी और प्रतिबंधों के संयुक्त प्रभाव से ईरान की तेल से होने वाली आय पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक नुकसान समय के साथ और बढ़ेगा।

रूबियो ने कहा कि समुद्र में पहले से मौजूद ईरान के तेल भंडार अब खत्म होने के करीब हैं। इनके समाप्त होने के बाद देश की तेल से होने वाली आय में भारी गिरावट आएगी। उन्होंने कहा कि अमरीका ईरान के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन ईरान की सारी मांगों को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि कतर और अन्य देश संभावित समझौते के लिए मध्यस्थता के प्रयास जारी रखे हुए हैं।

इस बीच, रूबियो ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अन्य देशों से होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा में मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अमरीका, लेबनान और इस्राइल के बीच बातचीत करा रहा है। साथ ही, इस्राइली सैनिकों की वापसी और लेबनानी सशस्त्र बलों की तैनाती की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं।