नवम्बर 11, 2026 9:02 पूर्वाह्न

printer

मौसम विभाग का तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कारईक्‍काल और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में कल तक ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है।

विभाग ने मछुआरों को रविवार तक अंडमान सागर में न जाने की सलाह दी है। इसके अलावा, इस महीने की 13 से 15 तारीख तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भी मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

इस बीच, मौसम विभाग ने आज सुबह दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की धुंध रहने का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह सात बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 299 दर्ज किया गया।