अमरीका ने क्यूबा की निकेल खनन उद्योग और सैन्य अनुसंधान संस्थानों को निशाना बनाते हुए आठ क्यूबाई संस्थाओं और तीन सैन्य अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमरीकी विदेश विभाग ने क्यूबा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह खनिजों से होने वाली आय का इस्तेमाल आम नागरिकों के लाभ के बजाय अपने सुरक्षा तंत्र को बनाए रखने में कर रही है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि क्यूबा सरकार दशकों से देश के संसाधनों को एक सीमित और भ्रष्ट सैन्य अभिजात वर्ग के हाथों में पहुंचाती रही है। इन प्रतिबंधों के तहत नामित पक्षों की अमरीका में मौजूद या अमरीकी नागरिकों के नियंत्रण वाली संपत्ति और संपत्ति में हितों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। वॉशिंगटन ने कहा कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य क्यूबा के व्यवहार में बदलाव लाना है। प्रतिबंधित पक्ष अमरीकी वित्त मंत्रालय की पुनर्विचार प्रक्रिया के तहत प्रतिबंधों से अपना नाम हटाने का अनुरोध कर सकते हैं।
News On AIR | सितम्बर 18, 2026 12:07 अपराह्न
अमरीका ने क्यूबा के निकेल और मिलिट्री नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाए