अमरीका में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सांसदों के एक समूह ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रूस से डीजल आयात की अनुमति देने के फैसले की वैधता पर सवाल उठाए हैं। सांसदों का कहना है कि यह फैसला वर्ष 2022 के उस कानून के खिलाफ है, जिसके तहत यूक्रेन में युद्ध समाप्त होने तक रूस के साथ इस तरह के व्यापार पर रोक है।
सांसदों ने यह भी कहा कि ट्रम्प प्रशासन ने इस फैसले पर न तो कांग्रेस से विचार-विमर्श किया और न ही इसके औचित्य को स्पष्ट करने के लिए कोई जानकारी दी, जबकि कानून के तहत ऐसा करना जरूरी है। शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत के बाद ट्रम्प ने घोषणा की थी कि रूस तत्काल अमरीका और वैश्विक बाजार को तीन लाख टन डीजल की आपूर्ति करेगा।
यह फैसला अमरीकी कांग्रेस द्वारा रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने संबंधी विधेयक को भारी बहुमत से पारित किए जाने के कुछ सप्ताह बाद आया है। इस विधेयक में राष्ट्रपति को रूस पर व्यापक प्रतिबंध लगाने और तेल तथा गैस के उसके पांच प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर सौ प्रतिशत शुल्क लगाने का अधिकार दिया गया है।