अमरीका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की मंजूरी दे दी है। इस सौदे की कीमत लगभग 2 अरब 10 करोड़ डॉलर है। इन मिसाइलों की खरीद का पूरा खर्च यूरोपीय देश और कनाडा उठाएंगे। अमरीका इस पर कोई धनराशि खर्च नहीं करेगा। अमरीकी विदेश विभाग ने कल इसकी घोषणा की। विभाग ने कहा कि इस सौदे का उद्देश्य यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करना और उसे मिसाइल हमलों से बचाना है।
इस खरीद में कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे आर्थिक मदद देंगे। इसके अलावा, यूरोपीय संघ की ओर से भी सहायता दी जाएगी। अमरीकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन इस सौदे की मुख्य कंपनी होगी। इस सप्ताह की शुरुआत में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा था कि उनका देश पैट्रियट और नासाम्स हवाई रक्षा प्रणालियों के लिए जरूरी मिसाइलों की मंजूरी का लगभग एक महीने से इंतजार कर रहा था।