अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारत को अमरीकी कंपनियों के लिए एक बेहतरीन बाज़ार बताया है। नई दिल्ली में ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में श्री गोर ने रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग के बारे में बताया। भारत में डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर निर्माण में प्रमुख अमरीकी कंपनियों द्वारा किए गए निवेश पर श्री गोर ने कहा कि भारत में रोजगार बढ़ने से अमरीका में भी रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत एआई और प्रौद्योगिकी विकास के लिए अच्छी स्थिति में है और इसमें अग्रणी अमरीकी कंपनियों के साथ साझेदारी पारस्परिक रूप से लाभकारी होगी। इस वर्ष की शुरुआत में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन की सफलता पर अमरीकी राजदूत ने एआई क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को श्रेय दिया।
उन्होंने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प अगले 10 दिनों में रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगे प्रतिबंधों पर फैसला ले सकते हैं। श्री गोर ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बातचीत के जटिल होने के बावजूद, दोनों पक्षों ने इस दिशा में काफी प्रगति की है।