संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आज सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा और भारतीय वन सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया। यूपीएससी ने बताया है कि ये परीक्षाएं देश के 83 शहरों में दो हज़ार से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं। आयोग ने बताया कि अंतिम आंकड़ों के अनुसार 8 लाख से अधिक आवेदकों में से लगभग 5 लाख 49 हज़ार उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
यूपीएससी ने कहा है कि पहली बार परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों के ‘रियल-टाइम फेस ऑथेंटिकेशन’ की व्यवस्था शुरू की गई, ताकि किसी उम्मीदवार के स्थान पर किसी अन्य के परीक्षा देने की धोखाधड़ी को रोका जा सके और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को मज़बूत किया जा सके।
यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए यूपीएससी टीम के साथ-साथ राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीज़न और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के प्रयासों की सराहना की।