सितम्बर 25, 2026 2:16 अपराह्न

printer

ग्रेटर नोएडा में यूपी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन, गृह मंत्री ने भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल कर सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। आज ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद श्री शाह ने ये बात कही। उन्‍होंने भारत के लिए मजबूत वैश्विक संकेतकों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि वैश्विक क्रेडिट रेटिंग एजेंसी-मूडीज़ ने भारत के वृद्धि दर अनुमान को बढाया है और जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भी भारत की संप्रभु रेटिंग को उन्‍नत किया है। श्री शाह ने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि निर्यात में कई गुना वृद्धि और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है।

श्री शाह ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्‍य सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और सक्रिय शासन की मदद से आज उत्तर प्रदेश में आकर्षक निवेश वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि रक्षा गलियारे के माध्यम से उत्तर प्रदेश में रक्षा निवेश आ रहा है। गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली और अमेठी में उत्पादित एके-203 राइफल रक्षा उत्पादन में राज्य की नई भूमिका को दर्शाती हैं।

श्री शाह ने कहा कि नोएडा हवाई अड्डा, एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक परिदृश्य को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य अब निवेश, उद्योग और विनिर्माण क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य देश में विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने प्रदर्शनी में भागीदार देशों के रूप में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस की भूमिका का उल्‍लेख किया। श्री आदित्‍यनाथ ने कहा कि उनके विशेष पवेलियन द्विपक्षीय व्यापार प्रतिबद्धताओं को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। इससे रणनीतिक साझेदारी, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और संयुक्त उद्यमों का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिनका उत्तर प्रदेश को लाभ मिल रहा है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की उपस्थिति राज्य के उत्पादों की गुणवत्ता, इसकी मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और उद्यमियों के प्रति वैश्विक विश्वास का स्पष्ट संकेत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 36 हजार वर्ग मीटर में फैले इस विशाल आयोजन में 2400 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं।