केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, जगत प्रकाश नड्डा और अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा संविधान (132वां संशोधन) विधेयक- 2026 को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है।
श्री सिंह ने कहा कि यह निर्णय भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने, प्रतिनिधित्व का विस्तार करने और शासन प्रणाली को जनता के करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान विधायी निकायों में उनकी भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं अधिक मजबूत, सहभागी और जवाबदेह बनेंगी।
श्री नड्डा ने कहा कि यह विधेयक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे उन्हें अधिक सशक्त आवाज मिलेगी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन का दृढ़ विश्वास है कि विकास का नेतृत्व करने, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं को उनका उचित स्थान मिलना चाहिए।
श्री वैष्णव ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का महिला आरक्षण संबंधी निर्णय भारत के भविष्य को आकार देने में महिलाओं के प्रतिनिधित्व और भागीदारी को मजबूत करेगा। उन्होंने इसे अधिक समावेशी लोकतंत्र की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।