सितम्बर 3, 2026 7:19 पूर्वाह्न | Rural Livelihood Missions and Banks

printer

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों और बैंकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे

कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह आज मुंबई में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों और बैंकों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को दिए जाने वाले ऋण की औसत राशि बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत उद्यम ऋण को दोगुना करना है। बैठक में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और प्राथमिक कृषि ऋण समिति स्तर पर सहकारी ऋण संरचना की भूमिका को मजबूत करके और लंबे समय से लंबित रहने साथ ही ऋण वितरण में देरी की समस्या का समाधान खोजने का प्रयास किया जाएगा।

    ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक, वित्तीय सेवा विभाग, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, सहकारी बैंक, नाबार्ड, पी.एफ.आर.डी.ए., केंद्रीय मंत्रालयों और अन्‍य प्रमुख हितधारक संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे।

    ग्रामीण विकास मंत्रालय दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को लागू कर रहा है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में समुदाय-आधारित संस्थाओं के निर्माण और उन्हें स्थायी आजीविका से जोड़ने के लिए सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है। पिछले डेढ़ दशक में, इस मिशन ने दस करोड़ से अधिक ग्रामीण महिलाओं को तिरानवे लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को संगठित किया है।