अक्टूबर 26, 2026 1:31 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल दक्षिण कोरिया की चार दिवसीय यात्रा पर

केंद्रीय पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल दक्षिण कोरिया की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान वे कोरियाई उद्योग जगत के सामने भारत में समुद्री क्षेत्र से जुड़े अवसरों पर चर्चा करेंगे।

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश जहाज निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके जरिए भारत 2047 तक दुनिया के शीर्ष पांच जहाज निर्माता देशों में शामिल होने के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहता है। श्री सोनोवाल ने अपनी यात्रा की शुरुआत बुसान से की, जिसे उन्होंने कोरियाई समुद्री उद्योग का केंद्र बताया। वहां उन्होंने कोरिया के जहाज निर्माण क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय पेशेवरों से बातचीत की।

श्री सोनोवाल ने कहा कि भारत को बड़ी संख्या में जहाज निर्माताओं, मरीन इंजीनियरों, नेवल आर्किटेक्ट्स, डिजाइनरों, वेल्डर, प्रोजेक्ट मैनेजरों और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों की जरूरत है। उन्होंने इन पेशेवरों से कहा कि वे कोरिया में मिले अपने अनुभव का लाभ भारत में उठाएं या फिर कोरिया में रहते हुए ही भारतीय कंपनियों को सहयोग दें। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि अप्रैल में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्युंग की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच जो रूपरेखा तैयार की गई थी, उसे केवल एक सरकारी समझौते के रूप में न देखें। ‘वॉयजेस’ नाम की इस रूपरेखा में जहाज निर्माण, शिपिंग और समुद्री लॉजिस्टिक्स के क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।