पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत का 2030 तक पोत निर्माण करने वाले शीर्ष 10 देशों में और 2047 तक शीर्ष 5 देशों में शामिल होने का लक्ष्य है। वे आज नई दिल्ली में भारत पोत परिवहन निवेश सम्मेलन 2026 को सम्बोधित कर रहे थे। श्री सोनोवाल ने कहा कि देश का लक्ष्य लगभग 45 लाख सकल टन भार की वार्षिक पोत परिवहन क्षमता विकसित करना है। उन्होंने बताया कि देश के पास एक अरब 47 करोड़ डॉलर के मूल्य वाले डेढ़ सौ से अधिक पोतों के ऑर्डर की पूर्ति पर काम चल रहा है।
श्री सोनोवाल ने बताया कि भारत ऐसी भागीदारी चाहता है जिसमें निवेश, कौशल, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और दीर्घकालिक ऑर्डर मिल सकें। उन्होंने कहा कि भारत में वैश्विक विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब इस विश्वास को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ निरंतर कार्य निष्पादन के रूप में बदलने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मजबूत पोत निर्माण उद्योग से इस्पात, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिकी, समुद्री उपकरण और सेवाओं के अवसर सृजित होते हैं।