शिक्षा तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी संयुक्त अरब अमीरात के आधिकारिक दौरे पर हैं। आज उन्होंने आईआईटी दिल्ली के अबू धाबी परिसर के पहले बैच के विद्यार्थियों के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की।
दुबई में श्री जोशी ने संयुक्त अरब अमीरात के एआई, डिजिटल अर्थव्यवस्था और रिमोट वर्क एप्लीकेशंस मामलों के राज्य मंत्री उमर सुल्तान अल ओलमा के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। वार्ता में एआई आधारित शिक्षा, शिक्षा के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित की शिक्षा, शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने तथा कक्षाओं में उभरती प्रौद्योगिकियों के जिम्मेदार उपयोग जैसे विषय शामिल रहे।
दोनों मंत्रियों ने संयुक्त एआई अनुसंधान को बढ़ावा देने में आईआईटी दिल्ली के अबू धाबी परिसर की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इसके अंतर्गत मोहम्मद बिन जायद यूनिवर्सिटी ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ सहयोग और अकादमिक तथा अनुसंधान सहयोग संवर्धन योजना के अंतर्गत एआई, जलवायु अनुकूलन क्षमता, नवीकरणीय ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान पर विचार-विमर्श हुआ।
दोनों पक्षों ने संयुक्त अरब अमीरात के स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय एआई साक्षरता पाठ्यक्रम ढांचे और शिक्षकों के लिए एआई कौशल उन्नयन कार्यक्रम पर भी विचार साझा किए।