केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज मुंबई में भारत टैक्सी ऐप पर ड्राइवरों को जोड़ने की प्रक्रिया का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत टैक्सी ऐप के मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक पांडे ने बताया कि भारत टैक्सी मई के पहले सप्ताह में मुंबई में यात्रियों के लिए भी शुरू हो जाएगी। इस अवसर पर श्री गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत टैक्सी भविष्य में परिवहन क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों से आगे निकल जाएगी और ड्राइवरों से इस पहल में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐप सहकारी आधार पर काम करता है और यह लोगों की सेवा के लिए बनाया गया है, न कि लाभ कमाने के लिए, इसलिए यह अन्य ऐप्स की तरह कोई कमीशन या सदस्यता शुल्क नहीं लेता है। उन्होंने सुझाव दिया कि भारत टैक्सी को ड्राइवरों की आय बढ़ाने के लिए अन्य ऐप्स के बराबर या उनसे बेहतर लाभ प्रदान करने चाहिए। उन्होंने ड्राइवरों को खर्च कम करने और आय बढ़ाने के लिए सीएनजी के बजाय इलेक्ट्रिक वाहनों का विकल्प चुनने की भी सलाह दी।
भारत टैक्सी के सीओओ विवेक पांडे ने बताया कि भारत टैक्सी वर्तमान में 10 शहरों में चल रही है, जिसमें 5 लाख ड्राइवर जुड़े हुए हैं और अब तक लगभग 5 लाख ग्राहकों को सेवा प्रदान कर चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत टैक्सी चालकों को 5 लाख रुपये का बीमा, मुद्रा ऋण और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं प्रदान कर रही है।