वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय रणनीतिक व्यापार कमान केंद्र (एन.एस.टी.सी.सी.) का शुभारंभ किया। यह केंद्र भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार की निगरानी, विश्लेषण और प्रबंधन को मजबूत करेगा।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, इस केंद्र को वरिष्ठ नीति निर्माताओं और सरकारी अधिकारियों को भारत के व्यापार प्रदर्शन, निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं, नियामक मंजूरियों, आवेदनों के निपटारे और अन्य कामकाज की एकीकृत जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है।
इस केंद्र पर विदेश व्यापार महानिदेशालय के प्रमुख कार्यों और व्यापार से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की सूचनाएं उपलब्ध होंगी। इनमें आयातक-निर्यातक कोड, अग्रिम प्राधिकरण, निर्यात संवर्धन पूंजीगत वस्तु योजना, मूल प्रमाण पत्र, विशेष रसायन जीव सामग्री उपकरण और प्रौद्योगिकी – एस.सी.ओ.एम.ई.टी. प्रतिबंधित आयात-निर्यात और व्यापार प्रक्रिया को आसान बनाने से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। पीयूष गोयल ने आंकड़ों और तथ्यों के आधार पर व्यापार संबंधी निर्णय लेने में राष्ट्रीय रणनीतिक व्यापार कमान केंद्र की भूमिका की सराहना की। उन्होंने लंबित आवेदनों का निपटारा करने और सभी आवेदनों को जल्द से जल्द मंजूरी देने के लिए अंतर-मंत्रालयी समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने का भी आह्वान किया।