45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला का आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में उद्घाटन किया जाएगा। संवाददाताओं से बातचीत में भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने बताया कि इस वर्ष मेले में तीन प्रमुख बातों पर ध्यान दिया गया है। इनमें आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाना, नवाचारों को प्रदर्शित करना और भारत की समृद्ध विरासत को सामने लाना शामिल है।
अध्यक्ष जावेद ने बताया कि आगंतुक आई.आई.टी.एफ.-2026 मोबाइल ऐप से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। यह ऐप दिल्ली मेट्रो के सारथी ऐप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि मंडी हाउस सहित कई मेट्रो स्टेशनों से शटल बस सेवाएं चलाई जाएंगी, जो आगंतुकों को मेले के सभी प्रवेश द्वारों तक पहुंचाएंगी। आगंतुक ऐप आधारित टैक्सी, निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भी भारत मंडपम पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि लगभग तीन हजार वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ऐप आधारित टैक्सियों के लिए अलग प्रतीक्षा स्थल भी बनाए गए हैं। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर सहित विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
विकास और विरासत विषय पर आयोजित इस मेले में 14 से 18 नवंबर तक व्यापारिक गतिविधियों के लिए विशेष दिन निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान व्यापारियों को कारोबारी संपर्क और आपसी व्यापारिक सहयोग के अवसर मिलेंगे। 19 से 27 नवंबर तक यह मेला आम लोगों, परिवारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रुचि रखने वाले आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।