नवम्बर 14, 2026 7:54 पूर्वाह्न

printer

राजस्थान सरकार ने राज्य के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए 9 हजार 321 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की घोषणा की

राजस्थान सरकार ने राज्य के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए 9 हजार 321 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कल जयपुर में राहत कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई और किसानों तथा पशुधन के लिए पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आवश्यकता के अनुसार चारा डिपो खोलने और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर भी बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को खरीफ फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने और प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि राजस्थान के 15 जिलों की 87 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इनमें 73 तहसीलें गंभीर सूखे और 14 तहसीलें मध्यम सूखे की श्रेणी में रखी गई हैं।