राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति भवन में भारत की प्रमुख महिला बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद सहित विभिन्न खेलों के 15 अन्य खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। फुटबॉल के अनुभवी खिलाड़ी इसायाह अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) प्रदान किया जाएगा। एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव और निशानेबाजी कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली कंपनियों और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर वर्ष खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों को सम्मानित करने के लिए प्रदान किए जाते हैं।