अक्टूबर 12, 2026 9:45 अपराह्न

printer

भारत ने ब्रिटेन के साथ आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई; वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 2030 तक भारत-ब्रिटेन द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का आह्वान किया है। नई दिल्ली में भारत-ब्रिटेन संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति के 16वें सत्र में श्री गोयल ने यह बात कही। श्री गोयल ने सतत सहभागिता, सुदृढ़ संस्थागत तंत्र और बेहतर सहयोग के माध्यम से भारत-ब्रिटेन आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के व्यवसायों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने इस समझौते से विस्तारित व्यापार, निवेश, साझेदारी और रोजगार सृजन में बदलने का आह्वान किया। श्री गोयल ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी में  महत्वपूर्ण है। यह अधिकांश भारतीय निर्यातों के लिए ब्रिटेन के बाजार में बिना शुल्क के पहुंच प्रदान करता है। साथ ही ब्रिटेन के निर्यातकों के लिए सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अवसर खोलता है। उन्होंने कहा कि व्यापक समझौते ने व्यापार विस्तार, नए निर्यातकों को प्रोत्साहित करने और नई उत्पाद श्रृंखलाओं को शुरू करने के कई अवसर प्रदान किए हैं। श्री गोयल ने बताया कि भारत स्मार्टफोन, दवा उत्पाद, आभूषण, वस्त्र, चमड़े के सामान, चावल और कुछ कृषि उत्पाद, लोहा और मिश्रधातु इस्पात, मशीनरी के पुर्जे और ऑटो घटकों का एक प्रमुख निर्यातक है। उन्होंने ब्रिटेन से पेट्रोलियम मूल्य श्रृंखला में उत्पादों की आपूर्ति, इलेक्ट्रॉनिक्स और विद्युत उपकरणों में प्रौद्योगिकी उत्पाद, दवाइयां और मोटर कारों में संभावनाएं बताईं।