प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में उझ बहुउद्देशीय परियोजना की स्थिति और चरणबद्ध कार्यान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने जल शक्ति मंत्रालय के अधीन सरकारी उपक्रम, वैपकोस लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसे परियोजना के कार्यान्वयन का जिम्मा सौंपा गया है।
श्री सिहं ने इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण परियोजना के लाभों को जल्द से जल्द जनता तक पहुंचाने के लिए इसके शीघ्र कार्यान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा और दक्षता के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए नवीन समाधानों और प्रभावी कार्यान्वयन रणनीतियां अपनाने की सलाह दी।