केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज पुणे में तीन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं पर 16 हज़ार 700 करोड़ रूपये से अधिक की लागत आयेगी।
इन तीन परियोजनाओं में खराड़ी जंक्शन और शिरूर बाईपास के बीच 53 किलोमीटर से अधिक लंबी 6 लेन की सड़क शामिल है, जो 246 किलोमीटर लंबे पुणे-संभाजीनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का पहला चरण है। इसके अलावा, हडपसर और यवत के बीच करीब 32 किलोमीटर की सड़क और तालेगांव-चाकन-शिकरापुर के बीच करीब 54 किलोमीटर की सड़क का भी शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी में सुधार, यात्रा समय में कमी और यातायात जाम में कमी आने के साथ-साथ पुणे क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
ये परियोजनाएं डिजाइन, वित्त, निर्माण, संचालन और हस्तांतरण – डीएफबीओटी मॉडल के तहत 29 साल की रियायत अवधि के साथ कार्यान्वित की जाएंगी। जिन्हें 4 साल के भीतर पूरा करने का समय निर्धारित किया गया है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित अन्य गणमान्य भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।