सितम्बर 21, 2026 10:23 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा और उन्नत विनिर्माण के लिए महत्वपूर्ण खनिजों के पुनर्चक्रण पर दिया जोर

कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आज भारत के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव, रक्षा तैयारियों, डिजिटल अर्थव्यवस्था और उन्नत विनिर्माण के लिए महत्वपूर्ण खनिजों के पुनर्चक्रण के रणनीतिक महत्व पर बल दिया। नई दिल्ली में एक सेमिनार में श्री रेड्डी ने पुराने और उपयोग में न आने वाले उत्पादों से महत्वपूर्ण खनिजों की रिकवरी को बढ़ावा देने और देश में पुनर्चक्रण क्षमता मजबूत करने के लिए सरकार, उद्योग, शोध संस्थानों और स्टार्टअप के बीच अधिक सहयोग का आह्वान किया।

केन्‍द्रीय मंत्री ने नवीन तकनीकों, उद्यमिता, जिम्मेदार ई-कचरा प्रबंधन और पर्यावरणीय स्थिरता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जन भागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से ई-कचरे और उपयोग में न आने वाले उत्पादों को महत्वपूर्ण खनिजों की रिकवरी के लिए मूल्यवान संसाधन के रूप में देखने का आग्रह किया। उन्होंने उद्योगों, कंपनियों और शोधकर्ताओं से विचार साझा करने और विकसित भारत के विजन के अनुरूप तकनीक आधारित और टिकाऊ पुनर्चक्रण व्यवस्था विकसित करने के लिए मिलकर काम करने को कहा।