केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने आज नई दिल्ली में अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, ज्ञान और योगदान को सम्मान देते हुए विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी सहयोग और एकजुटता को मजबूत करना है।
इस अवसर पर डॉ. कुमार ने कहा कि यह अभियान वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और युवा पीढ़ी की ऊर्जा को एक साथ लाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि देश में 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की संख्या वर्ष 2011 में लगभग 10 करोड़ थी, जो वर्ष 2036 तक बढ़कर 23 करोड़ होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि शहरीकरण, पलायन और बदलती पारिवारिक संरचनाओं के कारण विभिन्न पीढ़ियों के बीच नियमित संवाद कम हुआ है। इससे वरिष्ठ नागरिकों में अकेलेपन, कल्याणकारी योजनाओं की सीमित जानकारी और साइबर धोखाधड़ी के जोखिम जैसी चुनौतियां बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान संदेश देता है कि वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, सम्मान और सामाजिक समावेश केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। अभियान को पंचायतों, स्थानीय निकायों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से हर गांव और मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा।