केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में सरस शक्ति फूड फेस्टिवल-2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में श्री चौहान ने देशभर में सरस मेलों का विस्तार करने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की सरकार की योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार देश के विभिन्न हिस्सों में सरस मेलों का आयोजन करेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह महोत्सव स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता की भावना का सच्चा प्रतिबिंब है।
लखपति दीदियों के उत्पादों की बिक्री बढ़ाने की योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए श्री चौहान ने कहा कि सरकार ‘सी-मार्ट’ की नई अवधारणा के माध्यम से उनके गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के लिए मजबूत बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले में एक ऐसा विशेष स्थान स्थापित करना है, जहां दीदियों के उत्पादों की बिक्री हो सके। इससे आम लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध होंगी तथा ग्रामीण महिलाओं के कारोबार और आय में भी वृद्धि होगी।
सरस शक्ति फूड फेस्टिवल-2026 का आयोजन ‘सरस शक्ति का स्वाद, लखपति दीदियों के साथ’ विषय के तहत अगले महीने की आठ तारीख तक नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में किया जा रहा है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित इस 18 दिवसीय महोत्सव में देशभर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पांच सौ से अधिक महिला उद्यमियों को अपने पाक-कौशल और स्वदेशी उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।