केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 198वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निगम की स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने, चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करने और संगठनात्मक दक्षता और सेवा में सुधार के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय को मंजूरी दी गई। बीमित व्यक्तियों के लिए बेरोजगारी भत्ता योजना, अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना आज से अगले वर्ष 30 जून तक बढ़ा दी गयी है।
इसके साथ ही नए ईएसआई अस्पतालों का प्रबंधन अब सीधे निगम द्वारा किया जाएगा जिससे उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें। निगम और आयुष मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं जिससे स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के भीतर आयुष सेवाओं के एकीकरण और संवर्धन के लिए एक संयुक्त ढांचा तैयार किया जा सके। बैठक के दौरान नई दिल्ली के बसैदारापुर में एक दंत चिकित्सालय के निर्माण और उत्तराखंड के हरिद्वार में एक नए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मंजूरी दी गई।