केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में राजस्थान के सीकर स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती भी शामिल थे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविख्यात श्री खाटू श्याम जी मंदिर में आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा की।
इस अवसर पर रेल मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से खाटू श्याम जी आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह स्टेशन सीकर-रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावड़ी ठिकरिया स्टेशनों के बीच विकसित किया जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम जी मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्रस्तावित स्टेशन भवन का निर्माण राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप किया जाएगा।