जुलाई 7, 2026 5:13 अपराह्न

printer

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ की वर्चुअली बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ एक वर्चुअली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें राज्य में प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जन स्वास्थ्य पहलों के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा की गई। श्री नड्डा ने विभिन्न स्वास्थ्य पहलों को लागू करने में राज्य द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और केरलम के स्वास्थ्य सेवा तंत्र को और मजबूत करने के लिए केंद्र से निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन और लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य परिणामों को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र-राज्य के निरंतर सहयोग के महत्व पर बल दिया।

बैठक में केरलम में प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों और पहलों के कार्यान्वयन और प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें तपेदिक-मुक्त भारत अभियान, मुफ्त दवा सेवा पहल, मुफ्त निदान सेवा पहल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत स्वास्थ्य के लिए मानव संसाधन, चिकित्सा शिक्षा, औषधि विनियमन और खाद्य सुरक्षा तथा मानक शामिल हैं।

श्री मुरलीधरन ने स्वास्थ्य मंत्री को विभिन्न प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत केरलम द्वारा की गई प्रगति से अवगत कराया और स्वास्थ्य सेवा वितरण को तथा मजबूत करने के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई पहलों पर प्रकाश डाला।